मोदीनगर (शिखर समाचार)। बार एसोसिएशन मोदीनगर के वार्षिक चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और नए पदाधिकारियों का चुनाव किया। अध्यक्ष पद पर रामकुमार चौधरी तथा सचिव पद पर सौरभ शर्मा विजयी घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाकर बधाई दी।
बार एसोसिएशन में कुल 109 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 107 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत लगभग 98 प्रतिशत रहा। सुबह से ही मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं की अच्छी खासी भीड़ रही और पूरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। दोपहर बाद मतगणना पूरी होने पर चुनाव अधिकारियों ने परिणामों की घोषणा की।
रामकुमार चौधरी और सौरभ शर्मा ने दर्ज की जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में रामकुमार चौधरी ने 55 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवनेश्वर भारद्वाज को तीन मतों के अंतर से पराजित किया। सचिव पद पर सौरभ शर्मा ने 63 मत हासिल कर संजय मुद्गल को 19 मतों से हराकर जीत दर्ज की।
वहीं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सचिन दीक्षित ने 57 मत प्राप्त कर अंकित शर्मा को सात मतों से पराजित किया।
निष्पक्ष प्रक्रिया से संपन्न हुआ चुनाव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चुनाव की पूरी प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी जगबीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारियों विशाल शर्मा, अरुण दहिया, रविंद्र चौधरी और आशीष नेहरा ने मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
परिणाम घोषित होने के बाद बार परिसर में उत्साह का माहौल रहा और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
