गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
शहर को ऊर्जा दक्ष और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम ने यूपी नेडा सोलर सिटी 2.0 योजना के अंतर्गत सोलर लाइटों और सोलर हाई मास्ट लाइटों के स्थापना कार्य की शुरुआत कर दी है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सोलर आधारित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य उन स्थानों को रोशन करना है, जहां अभी तक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं है या जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है।
शहर में लगेंगी 1756 सोलर स्ट्रीट लाइटें और 107 हाई मास्ट
नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहर में 18 वाट क्षमता की 1756 सोलर स्ट्रीट लाइटें तथा 107 सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत अब तक लगभग 250 सोलर लाइटें और 50 सोलर हाई मास्ट लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष लाइटों के इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से जारी है। सभी लाइटों में इनबिल्ट बैटरी की सुविधा उपलब्ध है, जिससे दिन में सौर ऊर्जा संग्रहित कर रात में प्रकाश उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मेयर बोलीं- स्वच्छ ऊर्जा के साथ मिलेगी बेहतर सुविधा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि यूपी नेडा सोलर सिटी 2.0 योजना के माध्यम से शहर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पार्कों, बैक लेन, सार्वजनिक स्थलों और ऐसे क्षेत्रों में जहां अंधेरा बना रहता है, वहां इन सोलर लाइटों के लगने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही यह व्यवस्था बिजली की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ब्लैक स्पॉट खत्म करने और सुरक्षा बढ़ाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-international-airport-to-begin/
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में मौजूद ब्लैक स्पॉट्स को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कई स्थान ऐसे हैं, जहां पर्याप्त रोशनी न होने के कारण सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। सोलर लाइटों की स्थापना से इन क्षेत्रों में उजाला होगा और असामाजिक गतिविधियों तथा अपराध की घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
सरकार की जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में सभी अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करते हुए गाजियाबाद को आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना है। सोलर लाइट परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के हजारों नागरिकों को रात के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी। इससे न केवल आवागमन सुरक्षित बनेगा, बल्कि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी गाजियाबाद एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
