बिजनौर में आज मुख्यमंत्री योगी की जनसभा, एक हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Chief Minister Yogi to Address Public Meeting in Bijnor Today, Will Gift Development Projects Worth ₹1,000 Crore IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

बिजनौर (शिखर समाचार)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर दौरे पर रहेंगे, जहां वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ जनपद को लगभग एक हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की चाबियां भी वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

पुलिस लाइन से सड़क मार्ग द्वारा पहुंचेंगे जनसभा स्थल

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा शहर स्थित वर्धमान कॉलेज मैदान में आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सबसे पहले पुलिस लाइन में उतरेगा, जहां से वह सड़क मार्ग से जनसभा स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक जनसभा स्थल पर रहेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री चांदपुर और बिजनौर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित अनेक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवासों की चाबियां भी प्रदान करेंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जनसभा स्थल और उसके आसपास साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment