बिजनौर (शिखर समाचार)।
‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर आयोजित प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनपद बिजनौर में शनिवार को रिकॉर्ड स्तर पर पौधारोपण किया गया। पूरे जनपद में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से एक ही दिन में 66 लाख से अधिक पौधे रोपित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम महात्मा विदुर स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ, जहां विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
वृक्ष संरक्षण को बताया सुरक्षित भविष्य की आधारशिला
इस अवसर पर अनिल कुमार ने कहा कि महात्मा विदुर की पुण्यभूमि बिजनौर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं।
उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।
विभिन्न मॉडल वनों से बढ़ेगा जैव विविधता का संरक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी एवं आयुक्त निबंधन एवं सहकारिता योगेश कुमार ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत छाया वन, अविरल वन, कपि वन, ऊर्जावन, समरसता वन तथा समृद्धि वन जैसे विभिन्न मॉडल विकसित किए जा रहे हैं, जो जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनसहभागिता से हरित आवरण बढ़ाने का लक्ष्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जनसहभागिता के बल पर जनपद में हरित आवरण बढ़ाने का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त होगा। उन्होंने सभी विभागों और नागरिकों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, जिला विकास अधिकारी आर.बी. यादव, प्रभागीय निदेशक वानिकी जय सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा नागरिक उपस्थित रहे।
