हापुड़ (शिखर समाचार): 27 साल की उम्र में महिमा त्यागी ने बॉलीवुड में बनाई पहचान, IMDb पर दर्ज हुआ नाम
जनपद की बेटी महिमा त्यागी ने कम उम्र में लेखन और निर्देशन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाई है। महज 27 वर्ष की आयु में उनका नाम IMDb पर दर्ज हो चुका है और वह “Welcome to the Jungle” जैसी बड़ी बॉलीवुड फिल्म से भी जुड़ चुकी हैं।
नगर के विवेक विहार निवासी समाजसेवी आदेश त्यागी (असौड़ा वाले) की पुत्री महिमा ने लंदन से इंग्लिश में क्रिएटिव राइटिंग के साथ स्नातक की शिक्षा पूरी की है। 19 वर्ष की उम्र में उन्होंने लीसेस्टर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कविता प्रतियोगिता में अपने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। यहां 23 देशों के प्रतिभागियों के बीच उन्होंने उपनिवेशवाद, नस्लवाद और पूंजीवाद जैसे विषयों पर लिखी कविताओं से विशेष पहचान बनाई।
स्वतंत्र लेखिका और फिल्मकार के रूप में कर रहीं काम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शिक्षा पूरी करने के बाद महिमा ने स्वतंत्र लेखिका, फिल्मकार और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए विज्ञापन, म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्मों का लेखन एवं निर्देशन किया है। इसके अलावा वह कई बॉलीवुड परियोजनाओं से भी जुड़ी रही हैं।
सामाजिक मुद्दों को फिल्मों के माध्यम से उठाने का लक्ष्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
महिमा त्यागी का कहना है कि वह अपने लेखन और फिल्मों के माध्यम से युवाओं की सोच, सामाजिक सरोकारों और समकालीन राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने लाना चाहती हैं।
उनकी उपलब्धि पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, विजय गोयल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मालती भारती, नवरत्न त्यागी, भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी, मनोज त्यागी, सोनू त्यागी, सचिन जिंदल, डॉ. सुमन अग्रवाल सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
