मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू, 65 शिक्षकों को वितरित किए गए स्वास्थ्य कार्ड

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Chief Minister Launches Cashless Medical Scheme for Teachers; Health Cards Distributed to 65 Teachers IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

शामली (शिखर समाचार)। प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना की शुरुआत की।

जनपद शामली में इस अवसर पर दिल्ली रोड स्थित बारातघर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान योजना के उद्देश्य और शिक्षकों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

शिक्षकों और उनके परिवारों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य विरेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप, जिलाधिकारी आलोक यादव, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रेमचंद ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य विरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम होती है और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के माध्यम से प्रदेश के बच्चों के भविष्य को मजबूत आधार मिल रहा है। परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को गणवेश, जूते-मोजे, विद्यालय बैग और लेखन सामग्री के लिए मिलने वाली धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता आई है।

65 शिक्षकों को बांटे गए कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार की योजनाओं को जनहितकारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी आलोक यादव, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल और बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने अभिभावकों से अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन निकटवर्ती परिषदीय विद्यालयों में कराने की अपील की। उन्होंने स्कूल चलो अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 50 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। साथ ही छात्र-छात्राओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन अनुराग शर्मा एवं पूनम तोमर ने किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या लक्ष्मी जायसवाल, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment