गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मसूरी पुलिस ने 2.25 लाख रुपये की लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 45 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बीती 5 जुलाई को रिजवान नामक व्यक्ति ने थाना मसूरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी फैक्ट्री दिचरा से अपने पार्टनर दानिश के माध्यम से 2 लाख 25 हजार रुपये मंगवाए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने रुपये छीन लिए और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मसूरी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मसूरी पुलिस और ग्रामीण जोन की स्वाट टीम को खुलासे के लिए लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नबेद, शादाब और फुरकान को 6 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 67 हजार रुपये बरामद किए थे। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
शोएब ने रची थी लूट की योजना, 45 हजार रुपये बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए सूचना के आधार पर मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी शोएब को थाना मसूरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 45 हजार रुपये नकद और लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में शोएब ने बताया कि वह नबेद, शादाब और फुरकान का करीबी दोस्त है। नबेद को पहले से जानकारी थी कि उसके रिश्तेदार मोहम्मद रिजवान के कहने पर फैक्ट्री से 2.25 लाख रुपये मसूरी लाए जा रहे हैं। रकम की जानकारी मिलने के बाद चारों के मन में लालच आ गया और उन्होंने लूट की योजना बनाई।
योजना के तहत नबेद रुपये लेकर आ रहा था, जबकि अन्य आरोपी उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। बाद में बांके बिहारी डेंटल कॉलेज के पास लूट की कहानी रची गई और रकम को आपस में बांट लिया गया।
हापुड़ का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
गिरफ्तार आरोपी शोएब पुत्र असलम मूल रूप से आदर्श नगर, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) का निवासी है और वर्तमान में हापुड़ जिले के पिलखुआ क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
