ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। आगामी श्रावण मास एवं शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेघा रूपम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, विद्युत, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट प्रशासन, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बल की होगी तैनाती
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, व्यस्त मार्गों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
कांवड़ शिविरों में पेयजल, चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं की होगी व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने निर्देश दिए कि कांवड़ शिविरों में पेयजल, स्वच्छता, डस्टबिन, स्नानघर, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, चिकित्सकीय दल और एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। प्रमुख स्थलों, कांवड़ शिविरों और थाना-चौकियों के आसपास चिकित्सा शिविर स्थापित करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
विद्युत सुरक्षा, स्वच्छता और खाद्य व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष ध्यान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बिजली के पोलों को इंसुलेशन से कवर करने के निर्देश दिए गए, जिससे बारिश के दौरान करंट जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। वन विभाग को मार्ग में बाधा बनने वाली झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की शाखाओं की छंटाई समय से कराने के लिए कहा गया। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने, मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मूल्य सूची प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क, दिशा-सूचक और सूचना बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी मेघा रूपम ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) आर.के. गौतम, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
