12 जुलाई को जनपद में लगाए जाएंगे 12.64 लाख पौधे, जिलाधिकारी ने दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
12.64 Lakh Saplings to Be Planted in the District on July 12; District Magistrate Issues Instructions for Extensive Preparations IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी 12 जुलाई को होने वाले मेगा वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में लक्ष्य के अनुरूप सभी विभागों को समन्वय के साथ पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

जनपद में इस वर्ष कुल 12 लाख 64 हजार 700 पौधे रोपित किए जाएंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, उपजिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर श्रीराम यादव, उपजिलाधिकारी धौलाना रमेश चंद्र पाण्डेय, प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. मिश्रा, सहायक संभागीय अधिकारी छवि सिंह, डॉ. हरित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सभी विभागों ने पूरी की तैयारियां, पौधों का उठान शुरू

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि 12 जुलाई को एक ही दिन में होने वाले विशेष वृक्षारोपण अभियान के लिए सभी विभागों द्वारा गड्ढों की खुदाई और पौधों की मांग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वन विभाग ने संबंधित विभागों को पौधशालाओं से पौधे प्राप्त करने के लिए इंडेंट जारी कर दिए हैं और विभागों द्वारा पौधों का उठान भी शुरू कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे एक ही प्रजाति के पौधे लगाए जाएं, जिससे उनके संरक्षण और रखरखाव में सुविधा हो सके। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम और हर मेड़ पर पेड़ अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, निगरानी पर रहेगा जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने परिवार के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान ब्लूटूथ स्पीकर पर देशभक्ति के गीत बजाए जाएं, जिससे अभियान का वातावरण प्रेरणादायी बने। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर चारदीवारी नहीं है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से बांस एवं करौंदे के पौधे लगाए जाएं। साथ ही गौशालाओं में ट्री गार्ड के साथ उपयुक्त पौधों का रोपण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 जुलाई के अभियान को बड़े जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाए, प्रत्येक विद्यालय में पौधारोपण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सभी स्थलों पर बैनर लगाकर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए ग्रीन ड्रेस कोड अपनाने और संबंधित विभागों के मंत्रियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की कार्ययोजना पर अमल करने का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a comment