मोदीनगर (शिखर समाचार)। निवाड़ी थाना क्षेत्र के पूठरी गांव में 21 वर्षीय युवक तरुण कुमार की हत्या का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह आरोपी की धार्मिक आस्था और पूजा-पाठ का लगातार मजाक उड़ाया जाना था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दराती और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र के शेरपुट्टा गांव निवासी निर्दोष कुमार अपने परिवार के साथ पूठरी गांव में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। उनका पुत्र तरुण कुमार मेरठ के मोहिउद्दीनपुर स्थित गद्दा निर्माण कारखाने में कार्यरत था।
गन्ने के खेत में मिला शव, धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या की पुष्टि
रविवार शाम निर्दोष कुमार किसी कार्य से निवाड़ी गए हुए थे। इसी दौरान तरुण अपने पिता को लेने के लिए पैदल निवाड़ी के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह पूठरी गांव के एक किसान ने अपने गन्ने के खेत में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान तरुण कुमार के रूप में कराई। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले, जिससे स्पष्ट था कि युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है।
धार्मिक आस्था का मजाक बनाए जाने से रंजिश में की गई हत्या
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निवाड़ी थाना प्रभारी अंकित कुमार चौहान ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गांव निवासी निराचल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह नियमित रूप से पूजा-पाठ करता था, लेकिन तरुण और गांव का एक अन्य युवक प्रिंस उसका उपहास उड़ाते हुए उसे “बाबा” कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह आक्रोशित था।
आरोपी ने यह भी बताया कि तीन दिन पहले उसने इसी विवाद में प्रिंस पर पेचकस से हमला किया था, लेकिन वह बच गया था।
रविवार शाम जब उसने तरुण को अकेले जाते देखा तो पहले उसके सिर पर दराती से हमला किया और फिर उसे गन्ने के खेत में ले जाकर कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को गंग नहर में फेंकने की योजना थी, लेकिन आहट मिलने पर वह फरार हो गया।
10 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, दराती और मोबाइल बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दराती तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
मृतक के पिता निर्दोष कुमार की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
