गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने हाईवे स्थित बिस्मिल्ला होटल के पास हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक डंडा तथा घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब, अबूबकर उर्फ अहमद और शादाब कुरैशी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि मृतक मोहसिन निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर और मुख्य आरोपी नवाब के बीच मकान की खरीद-फरोख्त तथा पैसों के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 29 जून को बिस्मिल्ला होटल के पास मोहसिन को रोक लिया और उस पर डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
घटना के बाद घायल मोहसिन को उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा और स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नवाब के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले की विवेचना जारी है।
