बिजनौर (शिखर समाचार): आईजीआरएस समीक्षा में खराब प्रदर्शन पर डीएम सख्त, अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर
बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस समीक्षा बैठक में जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का विभागवार आकलन किया। समीक्षा के दौरान शिकायतों की गुणवत्ता, लंबित एवं डिफॉल्टर प्रकरणों तथा शिकायतों के संतोषजनक निस्तारण की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में संतोषजनक फीडबैक का प्रतिशत बढ़ाने के लिए नियमित रूप से क्षेत्र में जाकर शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित कर तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
लापरवाही पर सख्त रुख, जवाबदेही तय करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ) के प्रति जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, शिथिलता या अपेक्षित प्रगति का अभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शरदपाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
