काबड़ौत में आज नींव से निर्माण संकल्प सभा को संबोधित करेंगे जयंत सिंह, केंद्रीय विद्यालय की सौगात पर जताया जाएगा आभार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Jayant Singh to Address “Foundation-to-Construction Sankalp Sabha” in Kabaraut Today; Gratitude to Be Expressed for Kendriya Vidyalaya Gift IMAGE CREDIT TO जयंत चौधरी प्रोफाइल फोटो

शामली (शिखर समाचार)

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह रविवार को शामली जनपद के निकटवर्ती गांव काबड़ौत में आयोजित नींव से निर्माण संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम रविवार शाम चार बजे केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी भवन के निकट आयोजित होगा। सभा को लेकर सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, रालोद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

केंद्रीय विद्यालय की सौगात पर आभार कार्यक्रम

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इस अवसर पर शामली जनपद को केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने पर राष्ट्रीय लोकदल की ओर से केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह का सार्वजनिक आभार व्यक्त किया जाएगा। रालोद नेताओं का कहना है कि लंबे समय से जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की जा रही थी, जिसे अब केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद साकार रूप मिला है। इससे जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि उन्होंने 22 जून 2025 को केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत सिंह को पत्र लिखकर शामली में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग उठाई थी। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि जनपद की स्थापना को वर्षों बीत जाने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में शामली अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। आसपास के सभी जनपदों में केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं, जबकि शामली के विद्यार्थियों को इस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने कई बार जयंत सिंह से मुलाकात कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया।

अस्थायी भवन से शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

लगातार प्रयासों के बाद एक अक्टूबर 2025 को ग्राम काबड़ौत में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को केंद्रीय मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिली। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद विद्यालय के संचालन की प्रक्रिया शुरू की गई और फिलहाल अस्थायी भवन में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है।

इससे पहले 10 जून को केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति पर आभार रैली प्रस्तावित थी, लेकिन प्रधानमंत्री द्वारा एनडीए के घटक दलों की विशेष बैठक बुलाए जाने के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। अब रविवार को आयोजित नींव से निर्माण संकल्प सभा के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जयंत सिंह का अभिनंदन किया जाएगा। रालोद नेताओं ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Share This Article
Leave a comment