ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा की वायु गुणवत्ता में सुधार और सड़कों को धूलमुक्त बनाने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने विशेष संयुक्त सफाई अभियान शुरू किया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान 24 जून से 11 जुलाई तक चलेगा। अभियान के पहले चरण में ग्रेटर नोएडा पूर्व और पश्चिम के 37 प्रमुख मार्गों की व्यापक सफाई कराई जाएगी, जबकि शेष मार्गों को दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा।
स्वास्थ्य, परियोजना और उद्यान विभाग की संयुक्त कार्रवाई
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य, परियोजना और उद्यान विभाग की संयुक्त टीमें अभियान में जुटी हैं। विशेष अभियान के लिए वरिष्ठ प्रबंधक स्वास्थ्य राजेश गौतम सहित संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान के तहत यांत्रिक सड़क सफाई, मैनुअल सफाई, फुटपाथ एवं मध्य पट्टी की सफाई, मलबा और धूल हटाने के साथ सड़कों पर नियमित जल छिड़काव किया जाएगा। इसके अलावा आठ दिन बाद दोबारा सफाई कराकर मार्गों को पूरी तरह धूलमुक्त रखने का प्रयास किया जाएगा। जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां गड्ढों की मरम्मत भी कराई जाएगी।
पहले चरण में प्रमुख मार्ग शामिल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पहले चरण में एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसाइटी, एलिट एक्स समूह से सिक्का ग्रीन, सेक्टर-2, सेक्टर-16, सेक्टर-36, नॉलेज पार्क-5, 130 मीटर रोड, सूरजपुर प्रवेश बिंदु से कासना टी-प्वाइंट सहित कई प्रमुख मार्गों को शामिल किया गया है। बृहस्पतिवार को अभियान के तहत कई मार्गों पर सफाई कार्य शुरू कर दिया गया।
प्राधिकरण ने दीर्घकालिक समाधान के रूप में सड़कों के किनारे पेवमेंट और हरित पट्टी विकसित करने की योजना भी बनाई है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने नागरिकों से सफाई अभियान में सहयोग करने तथा ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की है।
