ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने उद्यानिकी कार्यों में लापरवाही और खराब गुणवत्ता मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को काली सूची में डालने तथा उसकी धरोहर राशि (ईएमडी) जब्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मात्र 10 दिन पहले बनाए गए पाथवे को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने का आदेश दिया गया है। उद्यान विभाग के कार्यों में लापरवाही सामने आने पर वरिष्ठ प्रबंधक से विभाग का कार्यभार भी वापस ले लिया गया है।
एसीईओ का औचक निरीक्षण और खामियों का खुलासा
शनिवार को सेक्टर-3 के निवासियों की शिकायतों के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेनो वेस्ट स्थित सेक्टर-3 के ए ब्लॉक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्कों और उद्यानों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। पार्क में घास अत्यधिक बढ़ी हुई थी। हाल की आंधी और बारिश के बाद पेड़ों की टूटी शाखाएं भी नहीं हटाई गई थीं। बच्चों के झूले टूटे हुए मिले और रखरखाव में गंभीर लापरवाही दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान पार्क में करीब 10 दिन पहले बनाए गए पाथवे की गुणवत्ता की भी जांच की गई। परीक्षण के समय पाथवे का शोल्डर आसानी से टूट गया, जिससे निर्माण कार्य में निम्नस्तरीय सामग्री के उपयोग की आशंका जताई गई। इसके अलावा पेड़ों के आसपास गुड़ाई नहीं की गई थी, पौधों को पर्याप्त पानी और खाद भी नहीं दी गई थी। लंबे समय से पेड़ों की छंटाई न होने के कारण उनकी शाखाएं स्ट्रीट लाइट और पार्क लाइट को ढक रही थीं, जिससे प्रकाश व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
सख्त कार्रवाई और पुनर्निर्माण के आदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए एसीईओ ने उद्यान रखरखाव से जुड़े ठेकेदार मैसर्स अतर सिंह को काली सूची में डालने और उसकी ईएमडी जब्त करने के निर्देश दिए। वहीं पाथवे निर्माण से संबंधित एजेंसी मैसर्स एस.आर. एसोसिएट्स को खराब गुणवत्ता वाले पाथवे को तत्काल उखाड़कर पुनः निर्माण कराने का आदेश दिया गया। उन्होंने उप महाप्रबंधक को पाथवे निर्माण की निगरानी सुनिश्चित करने तथा सहायक निदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव की देखरेख में दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
उद्यानिक कार्यों में लापरवाही के लिए वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान रामकुमार को उनके प्रभार से भी मुक्त कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं को देखते हुए एसीईओ ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ठेकेदारों और अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
उन्होंने सभी ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी विकास परियोजना में गुणवत्ता संबंधी कमी पाई गई तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे निर्माण और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें। गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ ने दोहराया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी है। गुणवत्ता में कमी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
