हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़ की बेटी प्रियंम सिंघल के आठ वर्षीय पुत्र अयान शर्मा ने अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तर पर 9वीं रैंक प्राप्त कर जिले और देश का नाम रोशन किया है। अयान की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया भारत का परचम
अयान शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया है। उनकी सफलता पर हापुड़ के प्रतिष्ठित नागरिक श्रीओम सिंघल सहित पूरे परिवार को गर्व है। परिवार के अनुसार अयान बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहा है और गणित उसका सबसे प्रिय विषय है। कठिन से कठिन सवालों को हल करने की उसकी क्षमता ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है।
आठ साल की उम्र में दो अंग्रेजी पुस्तकें प्रकाशित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
विशेष बात यह है कि अयान केवल गणित में ही नहीं बल्कि लेखन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। महज आठ वर्ष की उम्र में उसकी दो अंग्रेजी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। पहली पुस्तक The Bottom of the Tree तथा दूसरी The Jupiter है। इतनी कम उम्र में साहित्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करना उसकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है।
लगन और मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/master-plan-2031-brings-growth-and-investment/
अयान की मां प्रियंम सिंघल ने बताया कि उनका बेटा प्रतिदिन कई घंटे गणित का अभ्यास करता है और नई चुनौतियों को स्वीकार करना उसे पसंद है। उन्होंने कहा कि अयान की सफलता उसकी लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम है।
अयान की उपलब्धि की जानकारी मिलते ही हापुड़ में बधाई देने वालों का तांता लग गया। शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि अयान जैसे प्रतिभाशाली बच्चे देश का भविष्य हैं, जो अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर विश्व स्तर पर भारत की पहचान मजबूत कर रहे हैं।
