गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वाट टीम नगर जोन और थाना सिहानीगेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मॉर्निंग वॉक करने वाले व्यक्तियों से स्नेचिंग करने वाले 3 अभियुक्त आमिर, संजय और मोनू को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आमिर और संजय को गोली लगी और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस बरामद किए।
मुठभेड़ के दौरान फायरिंग और गिरफ्तारी
एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लोहिया नगर स्थित हमदर्द ग्राउंड के पास कुछ स्नैचर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अभियुक्त मोटरसाइकिल से भागने लगे।
भागने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
सुनार की भूमिका और अपराध का तरीका
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/soybean-crop-damaged-in-raisen/
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोनू पेशे से सुनार है, जो स्नेचिंग से प्राप्त सोने को खरीदकर उसे पिघलाने का काम करता था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आमिर और संजय मिलकर मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को निशाना बनाकर स्नेचिंग की वारदात करते थे।
वारदात के बाद सोने के आभूषण मोनू को बेच दिए जाते थे और उससे मिले पैसे तीनों आपस में बांट लेते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि लोहिया नगर, गोविंदपुरम और संजय नगर में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
