शामली (शिखर समाचार)। नगर पालिका कर्मचारियों की पांच दिनों से चल रही हड़ताल मंगलवार देर शाम एडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। हड़ताल खत्म होते ही शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दोबारा सुचारू कर दी गई, जिससे लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिली।
पांच दिन तक शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था
नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पिछले पांच दिनों से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे और नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। इससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर के गांधी चौक, नया बाजार, बड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार सहित मोहल्ला पंसारियान, नई बस्ती, रेलपार, आजाद चौक और कई अन्य इलाकों में कूड़ा जमा होने से स्थिति गंभीर हो गई थी। कूड़ा नालियों में भर जाने से जल निकासी बाधित हो गई और गंदा पानी सड़कों पर फैलने लगा।
वार्ता के बाद मिला समाधान का आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ एवं उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में कर्मचारियों ने पहले शांतिपूर्ण धरना दिया था, लेकिन मांगें पूरी न होने पर हड़ताल शुरू कर दी गई। एडीएम सत्येंद्र सिंह, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार और अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने कर्मचारियों से वार्ता कर समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
एडीएम ने डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन को जिम्मेदारी सौंपते हुए आगामी दस दिनों में समस्याओं के समाधान की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।
हड़ताल खत्म होते ही शुरू हुई सफाई व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर में सफाई कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया, जिससे नागरिकों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान यूनियन अध्यक्ष अमित तेश्वर, महासचिव विनोद निर्वाल, प्रवीण कुमार वाल्मीकि, अश्वनी तेश्वर, राजन पाहिवाल, जितेंद्र टांक, धर्मेंद्र झंझोट, जोगेश पाहिवाल, जितेंद्र चंद्रा, दीपक चंद्रा, सचिन तेश्वर और संजय बिड़ला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
