मुरादनगर (शिखर समाचार)। विजय मंडी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा आयोजन श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। मंगल कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयघोषों के साथ नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंचे। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंगल कलश यात्रा और भव्य शुभारंभ
कथा के प्रथम दिवस कथावाचक मुकेश कुमार शास्त्री ने भागवत महात्म्य और आत्मदेव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए धर्म, भक्ति और संस्कारों का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संचार होता है तथा मानसिक शांति प्राप्त होती है।
श्रीमद्भागवत कथा का आध्यात्मिक महत्व
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
उन्होंने कहा कि कलियुग में श्रीमद्भागवत कथा मोक्ष प्राप्ति का सरल और श्रेष्ठ माध्यम है। कथा व्यक्ति को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है और समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की भावना जागृत करती है।
कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे।
