गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना वेव सिटी पुलिस ने हत्या की घटना में वांछित दो अभियुक्त रेहान और आकिल को बिहार से गिरफ्तार किया। इन दोनों ने अपने साथ काम करने वाले गुलाम असरफ की हत्या की थी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि असफाक आलम ने अपने 19 वर्षीय पुत्र गुलाम असरफ की हत्या के संबंध में जीरो एफआईआर बिहार के थाना टेढ़ागाछ पर दर्ज कराई थी। जीरो एफआईआर की विवेचना थाना वेव सिटी पुलिस को मिली थी। थाना वेव सिटी पुलिस ने विवेचना शुरू की और इन दोनों को बिहार से गिरफ्तार किया। दूसरा राज्य होने के कारण इन्हें न्यायालय में पेश करते हुए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की। इन्हें गाजियाबाद लाने के बाद पूछताछ की गई और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिहार से गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त बिहार में छिपे हुए थे। थाना वेव सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर गाजियाबाद लेकर आई। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फैक्ट्री में साथ काम करते थे तीनों युवक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे तीनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। आरोप है कि गुलाम असरफ अक्सर रेहान और आकिल के साथ मारपीट करता था, जिसके चलते दोनों उसके खिलाफ रंजिश रखने लगे थे।
शराब पिलाने के बाद फावड़े से की हत्या
आरोपियों ने बदला लेने के लिए योजना बनाई। उन्होंने पहले गुलाम असरफ को जमकर शराब पिलाई। रात में जब वह नशे की हालत में फैक्ट्री में सो गया, तब दोनों ने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गड्ढा खोदकर फैक्ट्री परिसर में ही दबा दिया गया।
