बिजनौर (शिखर समाचार)। भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी लोकेश कुमार अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गौशालाओं में गर्मी से राहत के विशेष निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में गर्मी से राहत के लिए प्रतिदिन सुबह शाम पानी का छिड़काव कराया जाए। साथ ही प्रत्येक गौशाला में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कर उन्हें क्रियाशील रखना सुनिश्चित किया जाए। जिन स्थानों पर अतिरिक्त शेड की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव भेजकर निर्माण कराया जाए, ताकि पशुओं को धूप से बचाया जा सके। उन्होंने सभी पशुओं की अनिवार्य रूप से ईयर टैगिंग कराने पर भी जोर दिया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जहां अस्थायी गौशाला या गौ आश्रय स्थल की जरूरत हो, उसके लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएं। बीमार पशुओं के लिए अलग स्थान पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
चारे और अवैध कब्जों पर सख्ती के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चारे की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गौशालाओं में पर्याप्त भूसा होना चाहिए। जहां कमी हो, वहां बड़े किसानों से समन्वय कर भूसा दान योजना के तहत व्यवस्था की जाए और हरे चारे की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, सभी उप जिलाधिकारियों को गौशालाओं की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
