——–एमबीबीएस के बाद पशु चिकित्सा कोर्स की बढ़ी मांग,
बिजनौर (शिखर समाचार)। शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए विवेक विश्वविद्यालय, बिजनौर अब बैचलर ऑफ वेटरिनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंडरी (बीवीएससी एंड एएच) कोर्स का संचालन करेगा। अब तक उत्तर प्रदेश में यह कोर्स मुख्य रूप से सरकारी विश्वविद्यालयों तक सीमित था, जिससे सीमित सीटों के कारण अनेक छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते थे। ऐसे में निजी क्षेत्र में इस कोर्स की शुरुआत प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगी।
नीट मेरिट से होगा प्रवेश, वीसीआई की अनुमति मिली
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी प्रवेश नीट की मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। इस प्रतिष्ठित कोर्स के संचालन के लिए वेटरिनरी काउंसिल ऑफ इंडिया ने विश्वविद्यालय को अनुमति प्रदान की है, जो संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों और मानकों पर मुहर मानी जा रही है।
पशु चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ेंगी रोजगार संभावनाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
विशेषज्ञों का कहना है कि चिकित्सा क्षेत्र में एमबीबीएस के बाद बीवीएससी एंड एएच देश के सबसे अधिक मांग वाले प्रोफेशनल कोर्सेज में शामिल है। इस क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। पशु चिकित्सक, पशुपालन, डेयरी, पोल्ट्री, अनुसंधान तथा सरकारी सेवाओं में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विवेक विश्वविद्यालय द्वारा इस कोर्स की शुरुआत से न केवल बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को अपने जिले में ही उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह कदम पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अमित कुमार गोयल ने बताया कि आधुनिक आधारभूत सुविधाएं, अनुभवी फैकल्टी और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कोर्स में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
