मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। आगामी होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह परीक्षा 25, 26 व 27 अप्रैल 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 17 केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन ढंग से सम्पन्न कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, बायोमैट्रिक स्कैनर की उपलब्धता तथा मुख्य प्रवेश द्वार पर सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय, पेयजल और मोबाइल व बैग जमा करने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक, प्रबंधक तथा पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
