शामली (शिखर समाचार)।
शहर के जैन मोहल्ला नौकुआ रोड स्थित श्री बाबा दयालदास मंदिर से शनिवार को श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जिसका विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
धार्मिक आयोजनों के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ हुई। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे संकट मोचन कष्ट निवारण महायज्ञ का आयोजन किया गया। प्रातः 11 बजे 108 दीप प्रज्ज्वलन कर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
दोपहर 3 बजे श्री बालाजी महाराज की शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई, जिसका शुभारंभ सदर विधायक प्रसन्न चौधरी द्वारा किया गया। शोभायात्रा फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, नया बाजार, गांधी चौक, शिव चौक, रेलवे रोड, हनुमान रोड और वीवी इंटर कॉलेज रोड से होते हुए संपन्न हुई।
भक्ति, भजन और भंडारों से गूंजा नगर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
शोभायात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भंडारों का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया।
देर रात महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस पावन अवसर पर पूज्य गुरु चन्द्रकिरण महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में राजीव कुमार, दीपक गर्ग, दिनेश गोयल, संजय पंडित, कंवरपाल, दीपक मित्तल, प्रवीन गर्ग, समय सिंह हलवाई, रवि कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
