गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बीती 7 अप्रैल 2026 को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र की जयपुरिया सनराइज सोसायटी में 18 वर्षीय युवती संध्या की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। युवती का शव रखकर उन्होंने रोड को जाम कर दिया। परिजनों ने युवती की मौत का कारण हत्या बताते हुए इंसाफ की मांग की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों को शांत करते हुए रोड का जाम खुलवाया और पुलिस की मौजूदगी में ही अंतिम संस्कार किया गया।
घटनास्थल और पुलिस की जांच
संध्या के पिता जयपुरिया सनराइज सोसायटी में काम करते हैं। संध्या उनके साथ बीती 7 अप्रैल 2026 की सुबह सोसायटी पहुंची थी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। सी ब्लॉक टावर के नीचे उसका शव मिला। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कारण जानने के प्रयास
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
संध्या की मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। संध्या के पिता ने पुलिस को बताया कि वह संध्या के साथ सोसायटी में आए थे और बाद में अपने काम पर चले गए थे। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी का शव वहां पड़ा है। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि बलात्कार के बाद संध्या की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस संध्या की मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

