शामली (शिखर समाचार)। जनपद में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की बड़ी छापेमार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एटीएस की टीम ने कैराना और सदर कोतवाली क्षेत्रों में दबिश देकर एक महिला समेत चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने और जासूसी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह जताया जा रहा है।
कैराना और शहर क्षेत्र में एक साथ दबिश
सूत्रों के अनुसार एटीएस की 12 सदस्यीय टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम देते हुए कैराना क्षेत्र से तीन पुरुषों को हिरासत में लिया, जबकि शामली शहर के बरखंडी क्षेत्र से एक महिला को पकड़ा गया। सभी संदिग्धों को गहन पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए देवबंद ले जाया गया है।
गाजियाबाद इनपुट के आधार पर कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल ही में गाजियाबाद में पकड़े गए एक संदिग्ध जासूस से जुड़े इनपुट के आधार पर की गई है। गाजियाबाद में हुई गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे, जिनके तार अब शामली जनपद से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक कैराना क्षेत्र से साजिद पुत्र मेहरदीन निवासी गांव नगला राई, इंतजार उर्फ टार्जन तथा एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वहीं बरखंडी क्षेत्र से आसफा नाम की महिला को भी एटीएस ने पकड़ा है। एटीएस अधिकारियों द्वारा सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि संभावित जासूसी नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और आईएसआई से जुड़े कनेक्शन का खुलासा किया जा सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
