हापुड़ (शिखर समाचार)। शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जनवरी और मार्च माह में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच में कई नमूने फेल पाए गए। इसके बाद न्यायालय ने जिले के 15 प्रतिष्ठानों पर कुल 5 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही संबंधित कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने फेल
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान पनीर, सरसों का तेल, सफेद रसगुल्ला, जूस, दाल, दूध, आइसक्रीम समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। जांच में कई नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। गढ़मुक्तेश्वर स्थित न्यू इंडिया स्वीट्स कॉर्नर से लिए गए सफेद रसगुल्ले के नमूने फेल होने पर न्यायालय ने एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
अभियान जारी और भविष्य की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य एवं पेय पदार्थों के अधिक से अधिक नमूने लेकर जांच की जाएगी, ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
