——–350 युवाओं को प्रशिक्षण व टूलकिट्स देने का लक्ष्य
शामली (शिखर समाचार)। जनपद में कौशल आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत टूलकिट्स वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित लाभार्थियों को उनके कार्य से संबंधित टूलकिट्स प्रदान की गईं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकें।
ओडीओपी योजना के तहत प्रशिक्षण और टूलकिट वितरण
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जनपद को 350 अकुशल व्यक्तियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें टूलकिट्स उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से लौहकला (आयरन क्राफ्ट) ट्रेड से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट्स वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि ओडीओपी योजना स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं और अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथियों ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने का संदेश दिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देते हैं।
उपायुक्त उद्योग ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में ओडीओपी योजना के तहत नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता, सहायक आयुक्त उद्योग रविन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
