इनामुलहक फारुकी
जेवर (शिखर समाचार)।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में शनिवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बटन दबाकर परियोजना का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक मौके पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन सैकड़ों युवाओं और युवतियों को केवल काले कपड़े पहनने के कारण प्रवेश नहीं मिल सका।
सुरक्षा कारणों से काले कपड़े पहनने वालों को रोका गया
समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत काले कपड़े पहनकर आए लोगों को गेट पर ही रोक दिया गया। कई युवाओं ने मौके पर ही अपने परिचितों से अन्य रंग के कपड़े मंगवाए या भाजपा कार्यकर्ताओं से पीली टी-शर्ट लेकर किसी तरह अंदर प्रवेश पाया। अंदर पहुंचने वालों की खुशी देखते ही बन रही थी, वहीं बड़ी संख्या में लोग निराश होकर वापस लौट गए।
ग्रेटर नोएडा के कुछ कॉलेज छात्र, जो ब्लैक टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे, उन्हें भी एंट्री नहीं दी गई। आंध्र प्रदेश से आए प्रवीण, जो बीएएलएलबी के छात्र हैं, ने बताया कि वह इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन ब्लैक शर्ट के कारण उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। इससे उन्हें गहरी निराशा हुई।
लंबा सफर तय कर पहुंचे लोग, उत्साह देखने लायक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से लोग लंबा सफर तय कर पहुंचे। कई लोग 24 घंटे से अधिक का सफर कर इस आयोजन में शामिल होने आए थे। एनसीआर में रह रहे विदेशी नागरिक भी इस अवसर के साक्षी बने और उन्होंने इस पल को कैमरे में कैद किया।
गोरखपुर से पहुंचे इरशाद ने बताया कि देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के उद्घाटन की खबर सुनकर वह खुद को रोक नहीं पाए और यहां पहुंच गए। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनकर उन्हें बेहद खुशी हुई। वहीं, नितीश ने बताया कि करीब 24 घंटे का सफर तय कर यहां पहुंचे और प्रधानमंत्री को सुनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। समारोह में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।
