बिजनौर (शिखर समाचार)।
थाना नजीबाबाद पुलिस ने क्षेत्र में गोवंश की हत्या कर मांस बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सभी आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
सूचना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि 27 मार्च को थाना नजीबाबाद क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला अकबराबाद निवासी आमिर और नगीना के मोहल्ला कालालान निवासी शहजाद उर्फ यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस उनकी निशानदेही पर जाफराबाद के जंगल में चेकिंग अभियान चला रही थी।
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान नजीबाबाद के मोहल्ला पठानपुरा निवासी नईम उर्फ गज्जू कुरैशी के रूप में हुई है। उसका साथी हसीन उर्फ चुग्गा निवासी कोट कादर (नगीना देहात) को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
अवैध असलहे और उपकरण बरामद, जांच जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे (315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा गोकशी में प्रयुक्त तेजधार उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
