ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सभागार में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
तैयारियों में समन्वय और निर्देश
बैठक में मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और अनुकरणीय बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया गया, जिस पर मंडलायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
उन्होंने मंच, लोकार्पण स्थल और रैली स्थल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आमंत्रण प्रक्रिया, शटल बस सेवा, वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को उच्च मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, ओडीओपी उत्पादों तथा एयरपोर्ट परियोजना से संबंधित उच्च गुणवत्ता की वीडियो और फोटो सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक कवरेज और एक लघु फिल्म तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे आयोजन की भव्यता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
मार्गदर्शन और नियंत्रण योजनाएँ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर जोर देते हुए उन्होंने रैली स्थल, पार्किंग स्थल और प्रमुख मार्गों पर स्पष्ट साइनेज जैसे पार्किंग नंबर, रूट प्लान, गेट नंबर, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम समय से स्थापित करने के निर्देश दिए। एंट्री पॉइंट्स पर सुरक्षा जांच को सुगम और तेज बनाने के लिए माइक्रो पार्किंग प्लान लागू करने तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही लाइजनिंग, इमरजेंसी और कंटीजेंसी प्लान को सक्रिय रखने, मार्गों की मरम्मत, सफाई और यातायात व्यवस्था को पूर्व में दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारियों द्वारा अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, अपर मंडलायुक्त सिटी बृजेश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी भू अर्जन बच्चू सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (योजना) राजेश कुमार, एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीण रंजन, पूनम मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित अन्य अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
