नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)। सोशल मीडिया पर एक दूसरे पर टिप्पणी करने को लेकर एक ही बिरादरी के दो पक्षों के बीच शुक्रवार रात गांधी चौक पर जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे और लात घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन युवकों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए। मारपीट के दौरान एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया।
सोशल मीडिया विवाद से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे शुभांकर, पृथ्वी कुमार निवासी नगीना तथा राजन कुमार और अभिषेक कुमार निवासी ग्राम फतेहपुर के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि फतेहपुर निवासी राजन और अभिषेक अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर रेलवे स्टेशन रोड स्थित गांधी चौक पहुंच गए। उन्होंने दूसरे पक्ष के युवकों को गांधी मूर्ति के पास बुला लिया। थोड़ी ही देर में दूसरा पक्ष भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गया और दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।
लाठी-डंडे और लात-घूंसे से हुई मारपीट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। लाठी डंडों और लात घूसों से हुई मारपीट में कई युवक घायल हो गए। जिस कार से फतेहपुर के युवक आए थे, वह भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गांधी चौक पर अचानक हुए हंगामे से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस की कार्रवाई और मुकदमा दर्ज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने एक पक्ष के पृथ्वी कुमार और दिव्यांशु शर्मा निवासी नगीना तथा दूसरे पक्ष के राजन कुमार निवासी फतेहपुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत अभय कुमार, शुभांकर, अमन कुमार, पवन यादव, आदित्य चौहान, पृथ्वी देवड़ा, दिव्यांशु शर्मा तथा दूसरे पक्ष के राजन कुमार और अभिषेक कुमार निवासी फतेहपुर को नामजद किया है। इनमें पृथ्वी देवड़ा, दिव्यांशु शर्मा और राजन पुत्र वेद प्रकाश निवासी फतेहपुर का चालान कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है।
