ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) बादलपुर गांव को कचरा मुक्त और स्वच्छ क्षेत्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को व्यापक स्वच्छता रैली और जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मकसद ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग अलग रखने तथा घर स्तर पर ही कचरा प्रबंधन की आदत अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। रैली के दौरान गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से होकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया और बताया गया कि यदि प्रत्येक परिवार कचरे का पृथक्करण शुरू कर दे, तो पूरे गांव को शून्य अपशिष्ट क्षेत्र के रूप में बदला जा सकता है।
अभियान के अंतर्गत लोगों को समझाया गया कि घरेलू कचरे को अलग-अलग रखने से उसके निस्तारण में आसानी होती है और पर्यावरण प्रदूषण भी कम होता है। जागरूकता यात्रा के बाद फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने स्वच्छता कर्मियों के साथ मिलकर पुस्तकालय के पीछे स्थित क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। वहां जमा कचरे को हटाया गया और आसपास के इलाके को व्यवस्थित किया गया।
मासूम के घर घुसे लुटेरे: पुलिस ने निगरानी कैमरों और स्थल निरीक्षण से शुरू की गहन जांच
इस दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों, गांव के नागरिकों, सफाई कर्मचारियों और फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे घर और मोहल्ले के आसपास कचरा इधर उधर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही डालें। साथ ही यह भी बताया गया कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल सरकारी व्यवस्था का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अपने गांव को साफ सुथरा रखने, कचरे को अलग अलग जमा करने और बादलपुर को शून्य अपशिष्ट गांव बनाने में पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया। इस पहल को लेकर ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही गई।
