बिजनौर (शिखर समाचार) जनपद की पहचान मानी जाने वाली ऐतिहासिक एवं पौराणिक जिला कृषि, औद्योगिक और सांस्कृतिक प्रदर्शनी 2025–26 के आयोजन को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। मंगलवार को नगर पालिका परिषद के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित खुली नीलामी प्रक्रिया के बाद प्रदर्शनी के संचालन का ठेका अमित कुमार के नाम दर्ज हुआ। उन्होंने दो करोड़ उनहत्तर लाख ग्यारह हजार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर अन्य दावेदारों को पीछे छोड़ दिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अमित कुमार ने मारी बाज़ी, पारदर्शी नीलामी बनी चर्चा का केंद्र
नीलामी की कार्यवाही नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि पूरी प्रक्रिया का संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने किया। प्रशासन की ओर से तहसील सदर के तहसीलदार आशीष सक्सेना मौजूद रहे और नीलामी की पारदर्शिता पर नजर बनाए रखी। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में कुल पांच ठेकेदारों ने भाग लिया, जिनमें अंतिम चरण तक कड़ा मुकाबला अमित कुमार और वसीम अहमद के बीच बना रहा। लंबे विचार विमर्श और बढ़ती बोली के दौर के बाद अंततः अमित कुमार की पेशकश को स्वीकृति दी गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने कहा कि बिजनौर की प्रदर्शनी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक विरासत और आपसी सौहार्द की जीवंत मिसाल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष प्रदर्शनी को पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कृषि, उद्योग, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यह आयोजन न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी विशेष पहचान बनाएगा। नीलामी कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. बीरबल सिंह, सभासद जुल्फिकार बेग बेबी, मनोज चौधरी, सुजीत चौधरी, नीरज शर्मा सहित कर अधीक्षक नरेंद्र यादव, सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी, जलकल अभियंता गौरव शर्मा, अवर अभियंता यशवंत सिंह, नेहा शर्मा, दिलीप कुमार, हिमांशु, गुफरान और संजीव कुमार समेत अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सफल नीलामी पर संतोष जताते हुए आगामी प्रदर्शनी के सफल आयोजन की उम्मीद व्यक्त की।
