ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को जनमानस तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले इस आयोजन ने पहले ही दिन जनसहभागिता, सांस्कृतिक रंगों और विकास की झलक से पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन, दर्शकों ने बड़े स्क्रीन पर सीधा प्रसारण देखा
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सांसद (लोकसभा) डॉ. महेश शर्मा ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य चंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिल्प हाट परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे दर्शकों ने उत्साह के साथ देखा।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक विविधता और निरंतर आगे बढ़ते विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, औद्योगिक निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, शिक्षा, स्टार्टअप और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है। विकास की यह यात्रा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही है, यही इस आयोजन का मूल संदेश है।
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 में शिल्प हाट में जुटें हजारों लोग, संस्कृति और शिल्प को नया मंच
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sihani-gate-police-solved-a-showroom-theft/
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के तीनों दिनों में अधिक से अधिक संख्या में शिल्प हाट पहुँचे और प्रदेश की कला, संस्कृति, शिल्प, योजनाओं और विकास कार्यों को नज़दीक से देखें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को प्रेरित करने के साथ साथ लोककलाओं और पारंपरिक शिल्प को नया मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनसामान्य को मतदाता शपथ दिलाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में जनपद के 15 विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने सरस्वती वंदना, ऑपरेशन सिंदूर विषय पर आधारित प्रस्तुति, जय हिंद की सेना जैसे देशभक्ति कार्यक्रम, शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर सहित विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक संदेश की स्पष्ट झलक दिखाई दी, जिसे उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
सामाजिक सरोकारों को मिली प्राथमिकता: मातृ-शिशु स्वास्थ्य और परंपरागत संस्कारों से जागरूकता फैली
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-municipal-corporation-arranging/
इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व दिया गया। सांसद एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया, जिससे मातृ शिशु पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक जनपद एक उत्पाद, स्टार्टअप, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का भ्रमण कर अधिकारियों और लाभार्थियों से संवाद किया तथा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करते स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों और नवोदित उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
उत्कृष्ट योगदान को सम्मान: शिक्षकों, कर्मचारियों और मेधावी छात्रों को मिला विशेष पुरस्कार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/new-years-message-from-the-chief-executive/
सम्मान समारोह में स्वीप एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रधानाचार्य दीपा भाटी और राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर 12 के प्रधानाचार्य मोहित वशिष्ठ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बैंक सखी विजय और विद्युत सखी रिंकी को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा वर्ष 2025 की कक्षा 10 और 12 के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को ब्याज-मुक्त ऋण के चेक वितरित किए गए, वहीं विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के तहत 50 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर बैंक ऑफ इंडिया एवं ओवरसीज बैंक के प्रबंधकों को भी सम्मानित किया गया।
120 स्टॉलों में समृद्ध विरासत और विकास कार्यों की झलक, आमजन से पहुंचने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/change-in-noida-authoritys-leadership/
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में लगभग 120 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, ग्रामोद्योग, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न प्राधिकरणों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आयोजन स्थल पर पहुँचकर उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और विकास कार्यों से रूबरू हों।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश सिंह, ग्रेटर नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
