गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से चल रही रात्रिकालीन गश्त और सघन जांच के दौरान गढ़ पुलिस ने गोवंशी कटान की तैयारी कर रहे बदमाशों की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। ग्राम पलवाड़ा बागड़पुर मार्ग पर तिराहे के निकट चकरोड़ पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
संदिग्धों के साथ मुठभेड़: पुलिस की सतर्कता से चार बदमाश दबोचे गए
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ते ही पुलिस टीम ने जब मौके पर मौजूद लोगों को रुकने का संकेत दिया तो बदमाशों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर शेष दो बदमाशों को भी दबोच लिया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया।
मौके से पुलिस ने एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन तथा पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपी गोवंशी कटान की नीयत से ही इस स्थान पर एकत्र हुए थे और अवसर की तलाश में थे।
पुलिस की सतर्कता ने टाला बड़ा अपराध: आरोपी बदमाशों पर दर्ज हैं दर्जनों संगीन मामले
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/change-in-noida-authoritys-leadership/
क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तथा घायल बदमाश लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में गोवंशी कटान, हत्या के प्रयास, चोरी, गिरोहबंदी कानून तथा शस्त्र अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में लगभग पाँच दर्जन अभियोग दर्ज हैं। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही अपराधियों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शहजाद पुत्र इरशाद निवासी ग्राम अजीतपुर, थाना सिविल लाइन, जनपद रामपुर, बबलू पुत्र जमील निवासी थांवला, थाना बिलारी, जनपद मुरादाबाद, तौफीक पुत्र मेटो उर्फ मुनस्सर निवासी मोहल्ला इन्द्री, थाना भोट, जनपद रामपुर तथा सुजीत पुत्र भीमसेन निवासी ग्राम जट्टी, थाना मुंडापांडे, जनपद मुरादाबाद बताए हैं। उपरोक्त गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना गढ़मुक्तेश्वर पर विधिक कार्रवाई के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग करने और गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।
