लूट व चोरी का पर्दाफाश : बाबूगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़े दो बदमाश, हथियारों समेत स्कूटी व मोटरसाइकिल बरामद

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Robbery and theft busted: Babugarh police nabs two criminals, recovers scooter and motorcycle along with weapons IMAGE CREDIT TO POLICE

हापुड़ (शिखर समाचार)
थाना बाबूगढ़ पुलिस ने देर रात सघन वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस कार्रवाई में लूट की गई स्कूटी, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद होने से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगने की उम्मीद जगी है।

रात के सघन अभियान में दो युवकों से बरामद हुए अवैध तमंचे, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में रात्रिकालीन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे दो पहिया वाहन सवार युवकों को रोका। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाबूगढ़ निवासी उचित और रौनक त्यागी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद किए गए।

थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर 12 जनवरी 2026 को लूटी गई एक स्कूटी बरामद की गई, जिसे किसी वारदात के बाद छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा, आरोपियों ने एक जनवरी 2026 को थाना बीबीनगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की।

मोटरसाइकिल चोरी के संदिग्धों की गिरोह से संबंध की जांच में जुटी बाबूगढ़ पुलिस

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/a-male-elephant-died-a-mysterious-death/

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी के मामले में थाना बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर में पहले से ही मुकदमा पंजीकृत है। बाबूगढ़ पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांच और गश्त को और सख्त किया जाएगा। बदमाशों की गिरफ्तारी से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

Share This Article
Leave a comment