ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शुरू किया गया जल गुणवत्ता जांच अभियान दूसरे दिन भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। शनिवार को प्राधिकरण की आठ अलग अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 22 से अधिक स्थानों पर पानी की रैंडम जांच की, जिसमें सभी जगहों से संतोषजनक परिणाम सामने आए।
ग्रेटर नोएडा में पानी की गुणवत्ता जांच: कई सेक्टरों में नमूने लिए गए, मौके पर परीक्षण उपकरणों के साथ जांच
जांच के दायरे में सेक्टर अल्फा एक व दो, बीटा एक व दो, नॉलेज पार्क एक, दो व तीन, ज्यू एक, म्यू वन, ईकोटेक एक, छह, सात व आठ, टेकजोन चार, सेक्टर दस तथा ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आवासीय सोसायटियां शामिल रहीं। टीमों ने अपने साथ टीडीएस मीटर, पीएच मापक यंत्र और क्लोरीन जांच किट जैसे आवश्यक उपकरण रखे और मौके पर ही पानी के नमूनों की जांच की।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, आपूर्ति किए जा रहे पानी में सभी मानक निर्धारित सीमाओं के अनुरूप पाए गए। जांच के दौरान टीमों ने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद किया और आरडब्ल्यूए से फीडबैक भी लिया। लोगों ने एहतियाती तौर पर चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। इसके साथ ही जिन स्थानों पर जांच की गई, वहां के नागरिकों से पानी की गुणवत्ता को लेकर नाम, मोबाइल नंबर और पते के साथ लिखित बयान भी दर्ज किए गए।
ग्रेटर नोएडा में चार दिवसीय पानी जांच अभियान शुरू, 100 से अधिक घरों के नमूने लिए गए
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/during-police-station-samadhan-diwas/
उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर वर्क सर्किल के अनुसार आठ टीमें गठित कर चार दिवसीय रैंडम जांच अभियान शुरू किया गया है, जो 12 जनवरी तक चलेगा। दूसरे दिन 100 से अधिक घरों में पानी की गुणवत्ता की जांच की गई। इसके अतिरिक्त श्रीराम इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल रिसर्च प्रयोगशाला की दो टीमें भी रैंडम सैंपल लेकर परीक्षण कर रही हैं।
जांच के दौरान जलापूर्ति लाइनों में किसी भी प्रकार के रिसाव, सीवर जाम या ओवरफ्लो तथा ड्रेन सीवर पानी कनेक्शन बिंदुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। जल सीवर विभाग के सभी प्रबंधक और सहायक प्रबंधक भी टीमों के साथ सक्रिय हैं। भूमिगत जलाशयों, पंपिंग स्टेशनों सहित अन्य प्रमुख स्थानों से भी नमूने लिए जा रहे हैं। प्राधिकरण की अपील ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्राधिकरण स्वच्छ और सुरक्षित जलापूर्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति की सूचना मिलती है तो उसे तत्काल जल विभाग को अवगत कराएं। इसके लिए वरिष्ठ प्रबंधक (जल) के मोबाइल नंबर 9205691408 और प्रबंधक (जल) के मोबाइल नंबर 8937024017 जारी किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया कि पानी की मोटर केवल सप्लाई के समय ही चलाएं, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
