आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को व्यापक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। ग्राम मौहम्मदपुर धेंदा, सरना मुरादनगर और असालतनगर क्षेत्रों में लगभग 25.5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।
अवैध प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई: मुरादनगर के कई स्थलों से अनधिकृत निर्माण ध्वस्त
ALSO READ:https://www.youtube.com/watch?v=MTgP6Ov5WtI
प्रवर्तन जोन 02 की टीम द्वारा खसरा संख्या 274, ग्राम मौहम्मदपुर धेंदा (डासना मुरादनगर मार्ग) पर लगभग 15000 वर्ग मीटर, खसरा संख्या 602, 603, 605, ग्राम सरना मुरादनगर में लगभग 3600 वर्ग मीटर तथा खसरा संख्या 217, ग्राम असालतनगर (हनुमान मंदिर के पीछे) में लगभग 7000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित स्थलों पर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के सड़कों, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि का निर्माण किया गया था। इसके साथ ही ये स्थल रोड वाइडनिंग और ग्रीन बेल्ट से भी प्रभावित थे। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवॉल और अन्य संरचनाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के समय स्थानीय निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध किया गया, जिसे प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस बल ने नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को निर्बाध रूप से जारी रखा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहे।
