हापुड़ (शिखर समाचार) थाना पिलखुवा क्षेत्र अंतर्गत नेशनल राजमार्ग 9 पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। तेज गति से आ रही यात्री बस ने आगे चल रहे दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गाजियाबाद में सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारा, युवक गंभीर रूप से घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र निवासी रूपचंद ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र मुकेश कुमार तीन जनवरी को अपनी मोटरसाइकिल से हिन्दालपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदर डेयरी के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। बस चालक की तलाश की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
