गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन जोन निमिष पाटील ने सोमवार को थाना साहिबाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, शस्त्रों, मालखाना, भोजनालय, मिशन शक्ति केन्द्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारी व कर्मचारी आवास का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित को उसका निस्तारण करने के आदेश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू रखते हुए उसकी रिकॉर्डिंग सेव रखने के आदेश दिए। वही रजिस्टर को चेक करते हुए उनको सुरक्षित रखने के आदेश भी दिए। इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं की शिकायत को प्राथमिकता पर निस्तारण करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद श्वेता कुमारी यादव व थाना अध्यक्ष साहिबाबाद योगेंद्र कुमार मौजूद रहे।
