मुरादनगर (शिखर समाचार)। थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी 45 वर्षीय किसान वकील की निर्मम हत्या कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह भदौली गांव में एक गन्ने के खेत के भीतर उनका रक्तरंजित शव मिलने की सूचना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
खेत गए किसान वकील लापता, रातभर तलाश के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज
प्राप्त विवरण के अनुसार किसान वकील शनिवार सुबह करीब नौ बजे भैंसा-बुग्गी लेकर खेतों की ओर गए थे। दिन ढलने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने पहले अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों और खेतों में देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अंततः रविवार सुबह परिजनों ने मुरादनगर थाने पहुंचकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और ग्रामीणों द्वारा दोबारा तलाश शुरू की गई। इसी दौरान वकील का शव उनके खेत से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर भदौली गांव में रामफल के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है। सूचना पर पुलिस बल के साथ विधि विज्ञान जांच दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के पास से खून से सना एक हथौड़ा भी बरामद किया गया है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
