गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। वीर बालिदान के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सिम्भावली नगर में बाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में बाल स्वयंसेवकों सहित संघ के कार्यकर्ता शामिल हुए। पथ संचलन के दौरान नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रभक्ति के इस दृश्य को सराहा।
आर्य समाज से शुरू हुआ बाल पथ संचलन, नगरवासियों और व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक किया स्वागत
बाल पथ संचलन का शुभारंभ आर्य समाज, रेलवे रोड सिम्भावली से हुआ। इसके पश्चात पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मुख्य बाजार पहुंचा, जहां व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। इसके बाद संचलन सुभाष विहार कॉलोनी से गुजरते हुए पुनः आर्य समाज परिसर पहुंचा, जहां जलपान के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिम्भावली खंड के खंड कार्यवाह मनोज कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए देशभक्ति, संस्कार और त्याग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों के अद्वितीय बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए समर्पण का प्रेरक उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में पं. शिवदत्त भारद्वाज, राजेन्द्र, सुनील, संदीप, अजय, देवेंद्र, आशिष, सत्यप्रकाश, अनिल, सुमन, मोहन और शिवम सहित अनेक स्वयंसेवक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हुआ।
