बिजनौर (शिखर समाचार) नजीबाबाद क्षेत्र में हरिद्वार काशीपुर मार्ग पर 21 दिसंबर को मिले क्षत विक्षत शव के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। जांच में सामने आया कि इस जघन्य वारदात को मृतक के ही करीबी दोस्त ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
जमानत पर छूटने के बाद रहस्यमय मौत, तकनीकी जांच ने खोला पूरा राज
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान देहरादून निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई थी, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। शव मिलने के बाद से ही यह मामला रहस्यमय बना हुआ था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते पूरी सच्चाई सामने आ गई।
जांच में खुलासा हुआ कि देहरादून के डालनवाला क्षेत्र निवासी संदीप कुमार ने ही अपने मित्र सुरेंद्र सिंह की हत्या की थी। संदीप वर्तमान में देहरादून सचिवालय में बाहरी सेवा व्यवस्था के अंतर्गत सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने सुरेंद्र से करीब सत्तर हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने को लेकर सुरेंद्र लगातार दबाव बना रहा था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
पत्नी पर अभद्र टिप्पणी बनी हत्या की वजह, शराब के नशे में उतारा मौत के घाट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/end-of-mp-sports-festival-in-presence-of-mp/
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि मृतक उसकी पत्नी को लेकर अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणियां करता था, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत था। इसी रंजिश के चलते 21 दिसंबर को दोनों नजीबाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। नशे की हालत में मौका देखकर संदीप ने ईंट से सुरेंद्र के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट और खून से सनी जैकेट बरामद कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि मामले का पूरी तरह से खुलासा कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
