आरव शर्मा
गाजियाबाद(शिखर समाचार)। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण खेल लीग का समापन समारोह 25 दिसंबर को प्रातः 10:30 बजे राजकीय मैदान, कविनगर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद अतुल गर्ग तथा CDO अभिनव गोपाल की उपस्थिति रही।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर किया समापन
समापन अवसर पर जिले के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर गाजियाबाद का नाम रोशन किया है। पैरा एथलेटिक्स, कुश्ती, शूटिंग, वुशु, जेवलिन थ्रो सहित विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतिस्पर्धा और मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।समारोह में जिला प्रशासन, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, कोच, खिलाड़ी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया।

