बिजनौर (शिखर समाचार) जनपद पुलिस ने हाईवे के किनारे मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सच उजागर किया है। पांच दिन पूर्व हुई इस नृशंस हत्या के पीछे किसी बाहरी दुश्मन का नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही परिवार का हाथ निकला। प्रेम प्रसंग से उपजे आक्रोश में सगे चाचा ने अपने बेटों और एक सहयोगी के साथ मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची, जिसे पुलिस ने समय रहते बेनकाब कर दिया। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
हाईवे किनारे मिले युवक के शव से हड़कंप, पुलिस जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक नगर कृष्ण गोपाल सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 20 दिसंबर को नजीबाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान किरतपुर के मोहल्ला अहमद खेल निवासी 25 वर्षीय समीर के रूप में हुई। मृतक के पिता दिलशाद की सूचना पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच प्रारंभ की थी।
जांच के दौरान सामने आया कि समीर का अपने सगे चाचा रफीक की पुत्री के साथ प्रेम संबंध था। परिवार के लोगों द्वारा बार-बार समझाने और रोकने के बावजूद समीर अपने निर्णय पर अडिग रहा। यही बात चाचा और उसके बेटों को नागवार गुजरी और उन्होंने समीर को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।
तंत्र-मंत्र के जाल में रची गई साजिश, बीस लाख की सुपारी में हुआ कत्ल का सौदा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/diagnostic-centre-inaugurated-at-ghaziabad/
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र निवासी जैनुल नामक व्यक्ति से संपर्क किया, जो तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का काम करता था। समीर की हत्या के लिए बीस लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से कुछ धनराशि नकद दी गई और शेष राशि बैंक खाते के माध्यम से भेजी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के सगे चाचा रफीक, उसके दोनों पुत्र राहत और रफत तथा नजीबाबाद निवासी अरशद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार और समीर का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश में शामिल अन्य फरार आरोपियों और सुपारी लेने वाले मुख्य व्यक्ति की तलाश के लिए दबिशें दी जा रही हैं। शीघ्र ही पूरे गिरोह को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
