बिजनौर (शिखर समाचार)
मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर नवादा में गुरुवार देर शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत एक युवक ने अपने ही मासूम भतीजे और भतीजी पर हमला कर दिया। हमले में दो वर्षीय भतीजी की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे की हैवानियत: मासूम मयंक को दो मंज़िला छत से फेंककर दहला उठा घर
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम राजपुर नवादा निवासी अरुण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई हिमांशु लंबे समय से शराब का आदी है और किसी प्रकार का काम-धंधा नहीं करता। इसी कारण वह अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था। गुरुवार शाम भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी भाभी से विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर उसने अचानक चार वर्षीय मयंक को उठाया और उसे दो मंजिला मकान की छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया।
इसके बाद आरोपी ने दो वर्षीय मानवी पर धारदार हथियार से हमला किया और उसकी गर्दन पर गहरा प्रहार कर दिया। परिजन दोनों मासूमों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मानवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि मयंक का उपचार जारी है।
पैसों के झगड़े में नशे ने ली मासूम की जान: पिता के सामने खेला क्रूर खेल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-municipal-corporation-is-arranging/
पीड़ित पिता अरुण ने बताया कि हिमांशु अक्सर पिता जयसिंह, जो पीडब्लूडी विभाग में कार्यरत हैं, से रुपये की मांग करता था और पैसे न मिलने पर विवाद करता था। गुरुवार की घटना भी इसी झगड़े का परिणाम बताई जा रही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी हिमांशु के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास के गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
