गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़ (शिखर समाचार)। लखनऊ में आयोजित 19वीं नेशनल जम्बूरी में जमीयत यूथ क्लब भारत स्काउटस एंड गाईडस की टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ गया। देशभर से जुटे करीब पैंतीस हजार स्काउटस एंड गाईडस प्रतिभागियों के बीच हापुड़ जिले की 18 सदस्यीय टीम ने अपनी दक्षता, अनुशासन और टीमवर्क के दम पर अलग पहचान बनाई। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते टीम को जम्बूरी मंच पर सम्मान और विशेष सराहना प्रदान की गई।
जमीयत यूथ क्लब ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाया कमाल: 283 प्रतिभागियों के बीच बहुरंगी प्रदर्शन
इस राष्ट्रीय आयोजन में कुल 283 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें जमीयत यूथ क्लब की टीम लगातार अपनी प्रस्तुतियों से ध्यान आकर्षित करती रही। जम्बूरी के दौरान मार्च पास्ट, कलर पार्टी, पायनियरिंग, टैंट पीचिंग, कैंप क्रॉफ्ट, सिग्नलिंग, अनुमान, ड्राइंग, स्टेट गेट निर्माण, कैंप फॉयर प्रस्तुति, रंगोली और डांडिया जैसे विविध कार्यक्रमों में टीम ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
टीम के साथ मार्गदर्शन की भूमिका में मौहम्मद खालिद मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे कैंप के दौरान बच्चों को हर गतिविधि के लिए तैयार किया और उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि स्काउटस एंड गाईडस जैसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सामाजिक समर्पण की भावना को मजबूत बनाती हैं, इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। सम्मान समारोह में मौहम्मद मैराज, युसुफ, इकराम, अशरफ, नदीम, इमरान, खिजर, इसरार, अब्दुल कादिर, जाहिद, वसीम सहित कई लोग उपस्थित रहे और टीम को मिली उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। जम्बूरी से लौटते हुए बच्चों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि यह अनुभव उनके जीवन में नई प्रेरणा लेकर आया है।
