ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
नोएडा सेक्टर-50 में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस 550 बेड के नए मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य उद्घाटन किया। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की दिशा में इसे एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध नवीनतम तकनीकों, अत्याधुनिक आईसीयू, टेली कंसल्टेशन व्यवस्था और हाई-एंड मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण भी किया।
मेदांता नोएडा का उद्घाटन: मुख्यमंत्री ने बताया स्वास्थ्य सेवा और रोजगार का नया मार्ग
उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेदांता समूह के डॉ. नरेश त्रेहन और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह अस्पताल न केवल दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार का मार्ग भी खोलेगा। उन्होंने कहा कि वेस्टर्न यूपी लंबे समय से उन्नत अस्पतालों की मांग कर रहा था, जिसे मेदांता नोएडा की शुरुआत से महत्वपूर्ण राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य प्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव आए हैं। राज्य, जो कभी “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” की पहचान से जुड़ा था, आज “वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा किए गए नीति सुधारों के चलते बड़े हेल्थकेयर संस्थान प्रदेश में निवेश कर रहे हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य में बड़ी उपलब्धि: जन आरोग्य योजनाओं और मिशन मोड से रोग नियंत्रण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/chief-minister-yogi-inspected-jewar-airport/
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अकेले मुख्यमंत्री राहत कोष से पिछले एक वर्ष में 1300 करोड़ रुपये गंभीर बीमारियों के इलाज पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों से कहर ढा रही इंसेफेलाइटिस बीमारी को सरकार ने मिशन मोड में नियंत्रित कर लगभग समाप्त कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने मेदांता समूह को पूर्वी उत्तर प्रदेश विशेषकर गोरखपुर और वाराणसी में भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया, जिससे यूपी, बिहार, नेपाल और झारखंड के लोगों को बड़ा लाभ मिल सके।

मेदांता नोएडा, नॉर्थ और ईस्ट भारत के प्रमुख मल्टी स्पेशियलिटी टर्शियरी एवं क्वाटरनरी केयर नेटवर्क में नवीनतम जोड़ है। अस्पताल मेट्रो स्टेशन से सीधे जुड़ा हुआ है, जिससे दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी यूपी के मरीजों को त्वरित और सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित होगी।
यहाँ 25 सुपर स्पेशियलिटीज कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स सहित विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। अस्पताल में 130 आईसीयू बेड, 16 हाई-टेक ऑपरेटिंग थिएटर्स और 200 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात है। इसके संचालन से 5,000 से 7,000 युवाओं के लिए रोजगार अवसर उत्पन्न होंगे।
मेदांता चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि मेदांता नोएडा का शुभारंभ पेशेंट-सेंट्रिक, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा के मिशन का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी।
मेदांता ग्रुप के सीईओ पंकज साहनी ने कहा कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी, और यह अस्पताल उस अंतर को भरते हुए मेडिकल एक्सीलेंस के नए मानक स्थापित करेगा। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री बृजेश सिंह, विधायक नोएडा पंकज सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम., पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित प्रशासन, पुलिस और मेदांता समूह के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
