आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। हर व्यक्ति को पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बुधवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा हिन्दी भवन में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के मकानों का लकी ड्रॉ आयोजित किया गया। ग्राम डासना में अराध्यम बिल्डर्स द्वारा प्राधिकरण से स्वीकृत योजना के अंतर्गत निर्मित मकानों के इस ड्रॉ में कुल 312 आवंटन किए गए।
जीडीए लकी ड्रॉ: नए मकानों के नंबरों ने जगाई खुशियों की लहर, सभागार में खुशी के आंसू छलके
ड्रॉ कार्यक्रम में जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, वित्त नियंत्रक अशोक कुमार वाजपेयी, पीएमएवाई सेल से जुड़े अधिकारी एवं जीडीए पुलिस कर्मी मौजूद रहे। अपर सचिव के निर्देशन में जैसे ही लकी ड्रॉ की प्रक्रिया शुरू हुई, आवेदकों की धड़कनें तेज हो गईं। एक-एक कर जब मकानों के नंबर निकले तो सभागार तालियों और खुशियों से गूंज उठा। कई आवंटियों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए, तो कई परिवार एक-दूसरे को बधाइयां देते नजर आए।
गौरतलब है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण अपनी तथा निजी विकासकर्ताओं की विभिन्न आवासीय योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को किफायती दरों पर मकान उपलब्ध करा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सरकारी अनुदान का लाभ भी दिया जाता है, जिससे उनका घर का सपना साकार हो सके।

एक सप्ताह पूर्व जीडीए सचिव की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित ईडब्ल्यूएस भवनों के आवंटन एवं कब्जा प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पीएमएवाई सेल द्वारा बताया गया कि प्राधिकरण की पांच योजनाओं मधुबन बापूधाम, डासना, प्रताप विहार, नूरनगर (राजनगर एक्सटेंशन) और निवाड़ी (मोदीनगर) में कुल 3496 ईडब्ल्यूएस भवनों के सापेक्ष 2239 भवनों का आवंटन किया जा चुका है, जिनमें से लगभग 2002 आवंटियों को आवंटन पत्र जारी किए गए हैं। वहीं निजी विकासकर्ताओं की 11 योजनाओं में निर्मित 6481 ईडब्ल्यूएस भवनों के सापेक्ष 2754 भवनों का आवंटन हो चुका है तथा करीब 2295 आवंटियों को आवंटन पत्र दिए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगातार हो रहे आवंटनों से जरूरतमंद परिवारों में खुशी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों का पक्का घर पाने का सपना पूरा हो रहा है।
